Tuesday, October 20th, 2026

निकाय चुनाव: घोषित होना है मोर्चों की मंडल और जिला कार्यसमिति

भोपाल
पीढ़ी परिवर्तन के दौर में युवाओं को पार्टी की मुख्यधारा में लाने की नीति पर काम कर रही प्रदेश भाजपा अब मोर्चा के काम में ऐसी सक्रियता चाहती है जैसी तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी (अब केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री) के दौर में थी। पार्टी इसके लिए मोर्चों के पदाधिकारियों को नीचे से ऊपर तक सक्रिय बनाने के लिए जल्द ही जिलों में बदलाव करने की तैयारी में है। इसमें हर मोर्चे के ऐसे युवाओं को आगे लाने की कोशिश होगी जो लाइमलाइट में आए बगैर संघर्ष करते रहे हैं। यह काम नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के पहले पूरा कराने की समय सीमा के आधार पर किया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुए मंथन के बीच सामने आए इस विचार पर अमल की तैयारी है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा हर मोर्चे पर पार्टी को सक्रिय रखना चाहते हैं। इसलिए माना जा रहा है कि जल्द ही युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, किसान मोर्चा समेत प्रकोष्ठों में भारी बदलाव होगा और यह बदलाव नगर निकाय चुनाव व पंचायत चुनाव के पहले संभव है क्योंकि पार्टी इन चुनावों में कांग्रेस को पूरी तरह क्लीन स्वीप करने की मंशा पर काम करेगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि कई क्षेत्रों में मोर्चों की सक्रियता वैसी नहीं है जैसी कि भाजपा नेतृत्व को अपेक्षा है।

महिला मोर्चा के हालात यह हैं कि कई बूथों, सेक्टरों में कार्यकर्ता नहीं मिलते। इसी तरह की स्थिति एसी-एसटी मोर्चा के मामले में है। इसीलिए पार्टी इसको लेकर गंभीर है और मोर्चों की सक्रियता के लिए जिलों में बदलाव के लिए प्रयास तेज हो गए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने मोर्चा अध्यक्षों को सक्रियता बढ़ाने के संकेत इससे भी दिए हैं कि 13 व 14 फरवरी को पचमढ़ी में होने वाली प्रदेश पदाधिकारियों व विधायकों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मोर्चा अध्यक्षों को भी बुलाया गया है। इस प्रशिक्षण वर्ग में विधायकों और मोर्चा अध्यक्षों के बीच परिचय कराने के साथ जिला और मंडल स्तर पर बनने वाली मोर्चा कार्यकारिणी के लिए इनसे संवाद कराने का काम भी किया जाएगा। पार्टी मोर्चों की जिला व मंडल कार्यकारिणी में युवाओं को मौका देकर उन्हें निकाय चुनाव में जीत का लक्ष्य देने की तैयारी में है।

 

#निकाय चुनाव

Source : Agency

पाठको की राय